तुलसीपुर। नगर क्षेत्र में जंगल से तोते पकड़कर उनका अवैध कारोबार करने के आरोप में रविवार को एक युवक को पकड़ा गया। उसके कब्जे से पिंजरों में बंद करीब एक दर्जन तोते बरामद हुए। विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने युवक को तोतों समेत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया है।
जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जंगल से तोते पकड़कर बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार को सूचना की पुष्टि होने पर संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। वहां एक युवक के पास पिंजरों में कई तोते बंद मिले। कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
उन्होंने कहा कि वन्यजीवों को पकड़ना और उनका अवैध कारोबार करना वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत दंडनीय अपराध है।
प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि तोतों के साथ पकड़े गए युवक को थाने लाया गया था। मामले को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। वन विभाग बरामद पक्षियों की स्वास्थ्य जांच कराने के साथ ही उनके अवैध शिकार और कारोबार के संबंध में जांच करेगा।