बलरामपुर। थाना क्षेत्र के मोतीपुर टिटहरिया गांव के पास राप्ती नहर में दोस्तों के साथ नहाने गया युवक गहरे पानी में डूब गया। करीब 10 घंटे की तलाश के बाद भी युवक का कुछ पता नहीं चल सका। युवक को तलाशने में पुलिस के साथ ग्रामीण भी जुटे रहे। देर शाम युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया, लेकिन रात नौ बजे तक गोताखोरों को कोई कामयाबी नहीं मिल सकी थी।
मोतीपुर टिटहरिया गांव निवासी रेंगू पाल ने बताया कि भगवानदीन (20) उनका इकलौता पुत्र है। वह 10 अप्रैल को मुंबई से घर आया था। उसे तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह कभी नहर में नहाने नहीं गया था। शुक्रवार को उसके कुछ दोस्त पूर्वांहन 11 बजे राप्ती मुख्य नहर में नहाने के लिए उसे ले गए थे। नहाते समय भगवानदीन गहरे पानी में चला गया, जिसके कारण वह डूब गया। साथ में नहाने गए दोस्तों की सूचना पर ग्रामीण और पुलिस की टीम उसकी तलाश करने में जुट गई। बांस व रस्सी के सहारे उसकी तलाश गहरे पानी में भी की गई, लेकिन रात नौ बजे तक उसका कोई पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक हरैया गोविंद कुमार ने बताया कि भगवानदीन की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। सहायता के लिए शाम को गोताखोरों को बुलाया गया। भगवानदीन के नहर में डूबने की सूचना मिलने से घर में हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।