बलरामपुर। सदर ब्लॉक सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत आयोजित शिविर में 45 युवाओं के आवेदन बैंकों को भेजे गए। शिविर में मौजूद एलडीएम अमित कुमार, सहायक प्रबंधक उद्योग अखिलेश कुमार सिंह और कॉमन सर्विस सेंटर के प्रबंधक जहीदउल्ला ने युवाओं का मार्गदर्शन कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई।
उपायुक्त उद्योग राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि 21 से 40 वर्ष की उम्र के युवक-युवतियों को पांच लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा, जिसमें प्रदेश सरकार की ओर से 50 हजार की सब्सिडी भी दी जाएगी। युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करते हुए यह योजना न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार देने का अवसर उपलब्ध कराएगी। इस योजना के तहत निर्माण क्षेत्र की नई इकाइयों और सेवा क्षेत्र में बिक्री से जुड़ी परियोजनाएं प्राथमिकता में रखी जाएंगी। पहले चरण में 5 लाख रुपये की परियोजनाओं पर चार वर्षों तक शत-प्रतिशत ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा दी जाएगी।
प्रशिक्षित युवाओं को प्राथमिकता
उपायुक्त उद्योग विश्वकर्मा ने बताया कि श्रम सम्मान योजना, ओडीओपी (एक जनपद, एक उत्पाद), अनुसूचित जाति/जनजाति/पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना, और कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षण प्राप्त युवक-युवतियों को इस योजना में प्राथमिकता दी जा रही है।