बलरामपुर। जिला संयुक्त चिकित्सालय में परिजन का एक्स रे कराने गए दबंग युवक ने मामूली विवाद होने पर एक्स रे टेक्नीशियन को पीट दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंची देहात थाने की पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। अस्पताल के डॉक्टर व कर्मियों ने आरोपी के खिलाफ मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत केस दर्ज किए जाने की मांग की है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय के एक्स रे टेक्नीशियन युगुल किशोर ने थाना देहात में दी तहरीर में कहा है कि वह सोमवार को अस्पताल में ड्यूटी पर रहकर एक्स रे कर रहे थे। एक्स रे कक्ष में भारी भीड़ थी इसी बीच मरीज जुग्गू लाल के साथ आए तीमारदार ने गाली गलौज करते हुए अपने मरीज का एक्स रे तुरंत करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। लाइन के आधार पर ही एक्स रे करने की बात पर तीमारदार भड़क उठे और गला दबाते हुए लात घूसों से बुरी तरह पिटाई की।
युगल किशोर ने थानाध्यक्ष से मरीज के तीमारदार के खिलाफ मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत केस दर्ज करने की मांग की है। एक्स रे टेक्नीशियन के प्रार्थना पत्र पर जिला संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्साधीक्षक ने भी केस दर्ज किए जाने के लिए संस्तुति की है।
उधर दूसरी तरफ ग्राम महेशभारी निवासी अधिवक्ता धर्मदेव मिश्र ने भी थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनका चचेरा भाई रामजी गांव के ही एक लड़के का एक्स रे करवाने संयुक्त चिकित्सालय गया था। एक्स रे के लिए पैसे की मांग किए जाने पर विरोध जताया और पैसा देने से मना कर दिया। पैसा देने से मना करने पर एक्स रे टेक्नीशियन ने रामजी को गाली देते हुए मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
अधिवक्ता ने भी एक्स रे टेक्नीशियन के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग थानाध्यक्ष से की है। इस संबंध में बलरामपुर देहात थाने के प्रभारी निरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।