गैसड़ी में आयोजित दंगल में दमखम दिखाते पहलवान।
गैसड़ी। पचपेड़वा खेल मैदान में आयोजित राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती दंगल में पहलवानों ने ताकत के साथ हुनर का भी प्रदर्शन किया। हर मुकाबले में दांवपेंच, पकड़ और फुर्ती का संगम देखने को मिला। दंगल का शुभारंभ समाजसेवी हारून रशीद और ग्राम प्रधान बेतहानिया शकील अहमद ने किया।
पहले मुकाबले में दिल्ली के विनोद पहलवान ने बरेली के बउआ पहलवान को तेज कलाई पकड़ और कमर कस दांव से जमीन पर पटक कर जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में गोरखपुर के गोविंद ने कानपुर के मानसिंह को पैर झटका दांव लगाकर चित्त किया। जम्मू के कदिर गनी और हरियाणा के अंकित के बीच हुई भिड़ंत में कदिर गनी ने कंधा जकड़ दांव से बाजी मार ली।
बरेली के शेरा और कलियर शरीफ के नवाब अली के बीच मुकाबला लंबा चला, लेकिन आखिर में नवाब अली ने पलटवार दांव लगाकर जीत हासिल की। हरियाणा के गौरव और मोनू पहलवान के बीच जोरदार जूझाई हुई, दोनों ने कई बार एक-दूसरे को दबोचने की कोशिश की, मगर अंत में मुकाबला बराबरी पर छूटा।
काला बच्चा पहलवान और बाबा रवि शंकर दास के बीच मुकाबले में बाबा रवि शंकर दास ने कमर पकड़ कर पलटी मारते हुए जीत दर्ज की। महिला वर्ग में दिल्ली की नेहा और आगरा की सौम्या ने फुर्तीले दांव दिखाए, लेकिन दोनों बराबरी पर रहीं। पूनम इटावा और निर्जला हरियाणा के बीच मुकाबले में निर्जला ने तेज पैर अड़ाकर जीत हासिल की।
सहारनपुर के मोहम्मद वकार ने हरियाणा के अंकित को निकलगांव दांव लगाकर सीधा चित्त कर दिया, जिसे दर्शकों ने सबसे दमदार दांव माना। सबसे रोमांचक मुकाबले में काला बच्चा और बाबा फकीर के बीच कई बार पकड़ बदली, अंत में बाबा फकीर ने कंधा दबाकर जीत दर्ज की। अंतिम मुकाबले में पंजाब के मोनू और बाबा रवि शंकर दास ने भरपूर जोर आजमाइश की, मगर कोई भी बढ़त नहीं बना सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।