महदेइया बाजार(बलरामपुर)। स्थानीय बाजार में शनिवार को दो दिवसीय दंगल का शुभारंभ हुआ। महिला पहलवान रोशनी ने जैसे ही हिमांशी को पटकनी दी, लोगों की तालियां गड़गड़ा उठीं। सबसे आकर्षक दंगल बल्लू और फकीर बाबा के बीच हुआ। फकीर बाबा ने आंख में पट्टी बांधकर दंगल में दम दिखाया और जीत हासिल की।
दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम व ब्लाॅक प्रमुख हेमंत जायसवाल ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर किया। दंगल का पहला मुकाबला राजस्थान के लल्ला पहलवान व दिल्ली के मोंटी बीच हुआ, इसमें लल्ला पहलवान विजयी रहे। दूसरा मुकाबला हस्तिनापुर के बल्लू व लोनीवाडर के विनोद के बीच हुआ, जिसमें दोनों पहलवान बराबरी पर रहे। तीसरा मुकाबला नेपाल के लकी थाना व लल्ला पहलवान के बीच हुआ जिसमें लकी विजयी रहे। चौथा मुकाबला बहराइच के रीतेश यादव व मेरठ के मोसीन के बीच हुआ, जिसमें दोनों पहलवान विजयी रहे। पांचवां मुकाबला हरियाणा की हिमांशी पहलवान व प्रयागराज रोशनी पहलवान के बीच हुआ, जो काफी रोचक रहा। रोशनी ने हिमांशी को धोबी पछाड़ दांव से चित कर मुकाबला जीत लिया।
छठा मुकाबला हस्तिनापुर के बल्लू व कलियर शरीफ के फकीर बाबा के बीच हुआ। दंगल के दौरान बल्लू ने फकीर की आंख में धूल झोंकने का प्रयास किया तो फकीर ने आंखों में पट्टी बांधकर मुकाबला किया। कड़े मुकाबले के बीच फकीर बाबा ने बल्लू को पटकनी देकर जीत दर्ज की। सातवां मुकाबला पंजाब के शेरा पहलवान व उत्तराखंड के परवेज बीच हुआ, इसमें शेरा विजयी रहे। आठवां मुकाबला शिवांगी नसीबगंज गोंडा व रोशनी प्रयागराज के बीच हुआ जो बराबरी पर रहा।
नौंवा मुकाबला बरेली के भूरा पहलवान और लकी थापा के बीच हुआ जिसमें लकी थापा विजेता बने। दसवां मुकाबला बनारस की प्रीति एवं गाजीपुर की खुशबू के बीच हुआ जो बराबरी पर रहा। दंगल का अंतिम मुकाबला हस्तिनापुर के टोनी व हनुमानगढ़ी अयोध्या के बाबा भगत के बीच हुआ, जिसमें बाबा भगत विजयी रहे। विजयी पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अनूप मिश्रा, सद्दाम हुसैन, डीके यादव, रंजीत गुप्ता, डॉ. मो. इलियास, मो. अलाउद्दीन, सद्दाम हुसैन, टिंकू श्रीवास्तव, राजन गुप्ता, करम मोहम्मद, विशाल यादव, आमिर सिद्दीकी व मनीष आदि मौजूद रहे।