बलरामपुर के जमुनहवा गांव में टूटी अलमारी दिखाती महिला ।-संवाद
महदेइया बाजार। श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम गौररमवापुर के मजरा जमुनहवा में सोमवार दोपहर ढाई बजे लूट की घटना हो गई। भीख मांगने के बहाने घर में घुसीं दो महिलाओं ने किशोरी को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। घर में अलमारी व बक्से की तलाशी लेकर करीब ढाई लाख रुपये के जेवर समेटकर फरार हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। पीड़िता कलावती ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे घर पर उनकी बेटी पूनम (15) अकेली थी। इसी दौरान दो महिलाएं भीख मांगने के बहाने दरवाजे तक आईं और मौका पाकर अंदर दाखिल हो गईं। उन्होंने किशोरी का मुंह दबाकर चैनल गेट बंद कर दिया। इसके बाद पास ही रखा चाकू उठाकर उसकी गर्दन पर रखते हुए डराया-धमकाया। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात निकाल लिए।
लूटपाट करने के बाद जल्दीबाजी में दोनों महिलाएं पीछे के रास्ते से भाग निकलीं। इस बीच जैसे ही किशोरी ने शोर मचाया, आसपास के ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी महिलाएं फरार हो चुकी थीं। प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है।