बलरामपुर। महिला अधिकारों के प्रति गुरुवार को जागरुकता अभियान चलाया गया। कोतवाली व थानों में तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने बेटियों व महिलाओं को शासन स्तर से संचालित योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया। एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देशन व एएसपी अरविंद मिश्र के पर्यवेक्षण में जिले भर में जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है।
कोतवाली जरवा के ग्राम शेखडीह व जनकपुर में मिशन शक्ति फेज-3 के तहत प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में महिला आरक्षी अदिती पटेल व आरक्षी विजय कनौजिया की टीम ने महिलाओं को अक्षर ज्ञान व अंकों के ज्ञान के साथ-साथ महिला सशक्तीकरण, नारी स्वावलंबन व महिला अधिकार के प्रति जागरुक किया। अभियान के दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, चाइल्ड लाइन नंबर 1098 पर, तात्कालिक पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं, कन्या सुमंगला, बाल सेवा, महिला पेंशन, भ्रूण हत्या निषेध, घरेलू हिंसा व कोविड वैक्सीनेशन आदि के बारे में जानकारी ली।
देहात कोतवाली में तैनात महिला आरक्षी रीतू सिंह, प्रिया सिंह, हेड कांस्टेबिल सोनू जायसवाल ने ग्राम धुसाह में मिशन अक्षरा के तहत महिलाओं को हस्ताक्षर करने का तरीका बताया। वर्णमाला पुस्तिका व लेखन सामग्री का वितरण कर महिलाओं को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। महिला आरक्षी दीपिका पांडेय, ज्योति मिश्रा, हेड कांस्टेबिल तौसीफ अहमद व महेंद्र बहादुर सिंह ने देहात कोतवाली के विशुनपुर गांव में महिलाओं को वर्णमाला की किताब, कॉपी, पेंसल व रबर आदि पाठन सामग्री उपलब्ध कराई। महिलाओं को अक्षर ज्ञान कराते हुए पढने लिखने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसी तरह से कोतवाली नगर, उतरौला, गैसड़ी, थाना रेहरा बाजार, सादुल्लाहनगर, ललिया, गौरा चौराहा, हरैया व पचपेड़वा में भी तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने गांवों में महिलाओं को पढ़ाने के लिए अभियान चलाया।