हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक बरदौलिया के सामने शनिवार को महिला खाताधारकों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बैंक कर्मियों पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
महिला खाताधारक शैहरूनिशा, प्रमिला गिरि, सहीदुन्निशा, मीना, मेहरून्निसा, मायावती, सावित्री देवी, सूर्यकला व प्रेमशीला आदि ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि वह स्वयं सहायता समूह की सदस्य हैं। बैंक में जब भी लेनदेन के लिए आती हैं, तो उन्हें परेशान किया जाता है। स्वरोजगार के लिए ऋण देने में आनाकानी करने के साथ ही बार-बार दौड़ाया जाता है।
कहा कि शनिवार को उनका फार्म फेंक दिया और विरोध जताने पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कर्मियों ने स्वयं सहायता समूह का रजिस्टर भी छीन कर रख लिया है। महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। शाखा प्रबंधक प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक बरदौलिया अतुलराज द्विवेदी ने बताया कि आवेदन के संबंध में जानकारी के लिए रजिस्टर तो रख लिया है, लेकिन महिलाओं के साथ अभद्रता नहीं की है। महिलाओं की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं।