गैसड़ी। पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम बिशुनपुर टंटनवा में बुधवार सुबह करीब पांच बजे विवाहिता अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकती मिली। पति सुरेश कुमार ने परिजनाें को जानकारी दी। फंदे से उतारकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़वा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतका काजल की मौत की सूचना स्वास्थ्य केंद्र से मिली। मौके पर परिजनों से पूछताछ की गई। मृतका के पति सुरेश ने बताया कि बीते तीन दिन पहले उनकी पत्नी मायके से आई थी। कोई विवाद भी नहीं था, ऐसा क्यों किया उन्हें नहीं मालूत। प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि मृतका के भाई नेपाल के नंदमहरा निवासी पंकज भी अस्पताल में पहुंचे थे। उनसे पूछताछ की गई। उनके भाई के अनुसार काजल की शादी करीब आठ माह पूर्व हुई थी। घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष से मिली थी। पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं और जांच की जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।