गैसड़ी/बलरामपुर। बौद्ध परिपथ पर शनिवार को तीन सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर है।
गैसड़ी क्षेत्र के ग्राम लालपुर मटेहना के प्रधान बृजमोहन मौर्य ने बताया कि शनिवार दोपहर गांव के अब्दुल खान की पत्नी सनोवर (35) मटेहना चौराहे पर बच्चों का यूनीफार्म व घर का सामान खरीदने गई थीं। खरीदारी के बाद बाद तुलसीपुर-पचपेड़वा हाईवे पर मटेहना चौराहे के पास सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठी थीं। तभी तुलसीपुर से गैसड़ी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें रौंद दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पिकअप चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
दूसरी घटना शनिवार सुबह करीब सात बजे गैसड़ी नगर चौराहे पर हुई। तुलसीपुर से पचपेड़वा जा रही पिकअप गैसड़ी नगर चौराहे पर बिजली के पोल से टकरा गई। सड़क किनारे बैठे ग्राम मेंहदिया निवासी लवकुश (15) व मन्ना देवी (30) घायल हो गईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। लवकुश की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मन्ना का इलाज गैसड़ी के निजी अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष गैसड़ी दुर्विजय ने बताया कि दोनों पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। चालकों की तलाश की जा रही है।
चार मासूमाें से छिनी मां की ममता
पत्नी सनोवर के हादसे की खबर मिलते ही अब्दुल खान के घर में कोहराम मच गया। पति के साथ उनके चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सनाेवर अपने पीछे बेटा गुलफाम (8), बेटी जोया (6) व लाइबा (4) और बेटे अरशद (2) को छोड़ गई हैं। मासूमों को रोता देख लोगों की आंखें नम हो गईं।
ई रिक्शे से टकराई कार, छह घायल
देहात क्षेत्र के बलरामपुर-तुलसीपुर हाईवे पर बेलहा मोड़ के पास शुक्रवार रात 10:15 बजे तुलसीपुर की तरफ से आ रहे ई रिक्शा से बलरामपुर की तरफ जा रही कार भिड़ गई। देवीपाटन धाम से मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना कर ई रिक्शे से घर लौट रहीं नगर के मोहल्ला नौशहरा निवासी रुक्मिणी दुबे, सिविल लाइन निवासी मीना देवी, नीतू मिश्रा व सुमन शुक्ला व एक अज्ञात महिला के साथ ई रिक्शा चालक रवि मिश्रा भी घायल हो गए। तीन महिला व ई रिक्शा चालक की हालत गंभीर है। कार छोड़कर चालक मौके से भाग गया। वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस व निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है।