हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। ललिया थाना क्षेत्र के चौका कला गांव में शुक्रवार रात विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्रभारी निरीक्षक ललिया जयदीप दूबे ने बताया कि ग्राम जोगियाकला निवासी बाबूराम यादव ने तहरीर दी है कि उन्होंने अपने बेटी संजू (24) की शादी चार वर्ष पूर्व चौका कला निवासी विनोद कुमार यादव के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। यह बात कई बार बेटी ने उनको बताई थी।
बाबूराम का आरोप है कि शुक्रवार रात ससुरालीजनों ने दहेज के लिए ही उनकी बेटी को मार डाला और मौत को संदिग्ध बता रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बाबूराम की तहरीर पर पति विनोद कुमार, हीरालाल, पवन कुमार, अनीता तथा नान्हू की पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।