बलरामपुर। जिला पंचायत सदस्य का एक पर्चा शुक्रवार को खारिज कर दिया गया है। जमानत धनराशि पूरी न जमा करने पर पर्चा निरस्त हुआ है। वहीं गैसड़ी ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत के लोग इस बार अपना प्रधान नहीं चुन सकेंगे। जिले के सभी ब्लॉकों पर देर रात तक नामांकन पत्रों की जांच होती रही।
18 अप्रैल को नाम वापसी के साथ उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया जाएगा। 26 अप्रैल को तीसरे चरण के दौरान 2524 मतदेय स्थलों पर मतदान के बाद 21 हजार से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत मत पेटिकाओं में कैद हो जाएगी। दो मई को मतगणना के बाद विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य के आरओ/पीडी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि 40 सीटों पर कुल 747 पर्चे दाखिल किए गए थे। दो दिनों की जांच के दौरान वार्ड नंबर 10 पिपरहवा विशुनपुर की दावेदार परसपुर करौंदा निवासिनी तरन्नुम का पर्चा जमानत धनराशि पूरी न जमा होने के चलते खारिज कर दिया गया है। जांच में जिला पंचायत सदस्य के 746 पर्चे वैध पाए गए हैं।
एडीओ पंचायत सदर अशोक कुमार दूबे ने बताया कि ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य के नामांकन पत्रों की जांच देर रात तक जारी रही। विशुनापुर व बफांवा क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट पर एकल नामांकन प्राप्त हुआ है। एडीओ पंचायत तुलसीपुर कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि देर रात तक नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया चलती रही है।
गैसड़ी ब्लॉक के आरओ आरएस कुशवाहा ने बताया कि प्रधान पद के लिए हरनहवासुस्ता से किसी ने नामांकन नहीं किया है। इस गांव की सीट अनुसूचित जनजाति वर्ग में आरक्षित की गई थी। एडीओ पंचायत गैसड़ी राधेश्याम ने बताया कि इस ग्राम पंचायत में अनुसूचित जनजाति के परिवार निवास नहीं करते हैं।
ग्राम प्रधान पद पर अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित होने पर उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई थी फिर भी आरक्षण प्रक्रिया में बदलाव नहीं हुआ। अग्रिम आदेश के बाद प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। उतरौला ब्लॉक के आरओ एमपी सिंह ने बताया कि जांच के दौरान प्रधान पद के दो, बीडीसी के तीन और ग्राम पंचायत सदस्य के 24 पर्चे खामियों के चलते निरस्त कर दिए गए हैं।
श्रीदत्तगंज ब्लॉक के एडीओ पंचायत बाबूराम पांडेय ने बताया कि प्रधान पद के दो और सदस्य पद के आठ पर्चे खारिज किए गए हैं। गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में प्रधान व बीडीसी के सभी पर्चे वैध पाए गए हैं जबकि ग्राम पंचायत सदस्य के 9 पर्चे खारिज हुए हैं। हरैया सतघरवा ब्लॉक के आरओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान पद के सात, ग्राम पंचायत सदस्य के 19 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो पर्चे खामियों के चलते खारिज हुए हैं।
पचपेड़वा में सभी पर्चे वैध पाए गए हैं। रेहरा बाजार में भी देर रात तक नामांकन पत्रों के जांच की प्रक्रिया चलती रही। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम श्रुति ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद 18 अप्रैल को नाम वापसी और तीन बजे से सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
26 अप्रैल को तीसरे चरण के दौरान त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 के लिए जिले के 2524 मतदेय स्थलों पर वोटिंग कराई जाएगी। दो मई को कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के 9 केन्द्रों पर मतगणना कराकर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।