बलरामपुर। साक्षी सुरक्षा योजना का जिले में व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाएगा जिससे इस योजना का लाभ लोगों को मिल सके। योजना के प्रचार-प्रसार में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को जुटने का निर्देश दिया गया है। प्रचार-प्रसार में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह बातें एएसपी अरविंद मिश्र ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी चारों सर्किल के सीओ व 14 कोतवाली और थानों के प्रभारी निरीक्षकों को साक्षी सुरक्षा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट व उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से निर्गत निर्देशों के अनुपालन में साक्षी सुरक्षा योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। व्यापक प्रचार-प्रसार कर इस योजना का लाभ जन-जन को दिलाया जाएगा।
योजना की जानकारी सभी कोतवाली व थानों तक पहुंचाई जाएगी। पुलिस कर्मियों को साक्षी सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए एएसपी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। इस अवसर पर चारों सर्किल के सीओ के साथ-साथ सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षक भी मौजूद रहे।