बलरामपुर। युवा कल्याण विभाग की तरफ से शनिवार को स्थानीय स्पोटर्स स्टेडियम में जिला स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता कराई गई। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने के लिए युवा कल्याण विभाग की तरफ से खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं।
दीन दयाल उपाध्याय शोध संस्थान पचपेड़वा के प्रधानाचार्य राम कृपाल शुक्ल ने स्टेडियम में एक दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले खिलाड़ियों, विजेता व उपविजेता टीम को ज्वांइट मजिस्ट्रेट नेहा बंधू व राकेश गुप्ता ने प्रमाण पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। 100 व 200 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से विंकल यादव व बालिका वर्ग से एंजेल वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग में रजत सिंह ने 400 मीटर व प्रमोद कुमार 800 मीटर दौड़ में बाजी मारी। ऊंची कूद में बालिका वर्ग से अनामिका, बालक वर्ग से सुधांशु नाथ व डिस्कस थ्रो में बालक वर्ग से विमल नाथ ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। कबड्डी में पचपेड़वा ब्लॉक की टीम विजेजा व उतरौला ब्लॉक की टीम उप विजेता बनी।
कुश्ती में बालक वर्ग से मुरारी यादव व भारोत्तलोन में बालक वर्ग से सलमान शेख अव्वल रहे। वॉलीबाल में पचपेड़वा ब्लॉक की टीम विजेता व तुलसीपुर ब्लॉक की टीम उप विजेता बनी।
प्रतियोगिता के आयोजन में व्यायाम शिक्षक तरुण तिवारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्वेता सिंह, स्वाति सिंह, विकास सिंह, शक्ति मिश्रा, ज्ञानबाबू तिवारी, शबाना खातून, कनिश्ठ सहायक रजा इमाम रिजवी, शांति शुक्ल, पीआरडी जवान ठाकुर प्रसाद पांडेय व अंकित पांडेय आदि का सराहनीय योगदान रहा।