बलरामपुर। पछुआ हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल हैं। सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। ठंड को लेकर प्रशासन ने एडवाइजरी भी जारी की है। मौसम का मिजाज बदलते ही बाजारों में गर्म कपड़ों की बिक्री तेज हो गई है।
साल के अंत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बूंदाबांदी और पछुआ हवा चलने से ठंड बढ़ गई है। बाजारों में ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों, कंबल व रजाई की खरीदारी में तेजी आ गई है। शोरूम समेत पटरी दुकानों पर बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक स्वेटर, टोपी व शॉल की जमकर खरीद कर रहे हैं। स्थानीय बाजार में बच्चों की सबसे कम कीमत वाली टोपी 100 रुपये में मिल रही है। इसी तरह शॉल 250 रुपये से शुरू होकर तीन हजार तक की कीमत में उपलब्ध है। ब्रांडेड कंबल 500 रुपये से शुरू होकर 5000 तक की कीमत में मिल रहे हैं। ब्रांडेड कपड़ों के शोरूम और मॉल में गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए भीड़ जुट रही है।
वीर विनय चौराहा से एमपीपी इंटर कॉलेज तथा बहराइच मार्ग पर सड़क की पटरियों पर भी कंबल, रजाई, गद्दा व अन्य गर्म कपड़े खरीदने वालों की भीड़ उमड़ रही है। गली-मुहल्लों में फेरी वाले भी पैदल, साइकिल व रिक्शे से गर्म कपड़े, कंबल, रजाई व गद्दा बेच रहे हैं। नगर के मुख्य बाजार में कपड़े के कारोबारी राजू का कहना है कि हाफ व फुल जैकेट, शॉल, टोपी एवं मोजे की मांग सबसे अधिक है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि बदलते मौसम में लापरवाही परेशानी का सबब बन सकती है। बच्चों को ज्यादा से ज्यादा गर्म कपड़े पहनाएं, वह भी पूरी बांह के। पानी उबालकर ही पिलाएं। हृदय रोगी और ब्लड प्रेशर के मरीज बिल्कुल लापरवाही न बरतें। सुबह के समय नहाने से परहेज करें। सांस फूलने और सीने में दर्द होने पर फौरन चिकित्सक से संपर्क करें।
जलवाए जा रहे अलाव
बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निकायों में अलाव के इंतजाम किए गए हैं। सभी नगर निकायों के ईओ को अलाव जलवाने का निर्देश दिया गया है। -प्रदीप कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व