बलरामपुर के तुलसीपुर में बारिश के चलते खेत में हुई नमी।-संवाद
बलरामपुर। तुलसीपुर तहसील क्षेत्र में दो दिन से लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, गन्ना के साथ ही पिछैती मक्का की फसल को भी फायदा मिला है। खरीफ की फसलों के लिए खेत की मिट्टी बारिश से नम हुई है। मानसून से पहले हुई बारिश से शहर और गांव में जगह-जगह जलभराव और कीचड़ की समस्या से लोग परेशान हुए। इसके साथ ही जिले की बिजली सप्लाई भी बाधित हुई।
जिले में सोमवार सुबह से ही बादल छाए रहे। दिन में बूंदा-बांदी भी हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया। काले बादल छाए रहे। इसके साथ ही हल्की बारिश भी होती रही। इससे किसानों को भी फायदा हुआ है। कई किसानों ने बताया कि इस बूंदाबांदी से मक्का और गन्ना के अलावा खेतों में जो फसलें खड़ी हुई है, उन्हें फायदा मिलेगा।
कई घंटे ठप रही बिजली सप्लाई
बारिश से जहां मौसम सुहाना हुआ। वहीं हवा चलने से जिले की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। शहर और गांव के तमाम क्षेत्रों में कई घंटे बिजली गुल रही। इससे तुलसीपुर, पिपरहवा व महराजगंज तराई, ओडाझार, अर्जुनपुर व अहलादडीह आदि क्षेत्र के तमाम गांवों में बिजली सप्लाई ठप हुई।