बलरामपुर। वार्डो को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए नगर पालिका की तरफ से बीते महीने कराए गए स्वच्छता प्रतियोगिता के तहत तीन वार्डों का चयन किया गया है। 26 जनवरी को इन वार्डों के सभासद, सफाई नायक और एक सफाईकर्मी को सम्मानित किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बताया कि शासन के निर्देश पर स्वच्छ सर्वेक्षण- 2024 के तहत साफ-सुथरे वार्डों का चयन करने के लिए कई मानक तय किए गए थे। बीते माह पालिका की छह सदस्यीय टीम ने नगर के सभी वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने वार्डों में सफाई व्यवस्था के अलावा ओडीएफ स्टेटस, शौचालयों के रख-रखाव, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, कूड़े का निस्तारण, प्रतिबंधित पॉलीथिन के प्रयोग पर रोक व कूड़ा प्रबंधन के अलावा सड़कों की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के आधार पर अचलापुर वार्ड सभासद राजेश कुमार कश्यप को प्रथम, पुरानी बाजार की सभासद नीलम शुक्ला को दूसरा व टेड़ी बाजार वार्ड की सभासद सरोज तिवारी को तीसरा स्थान मिला है। इसके अलावा भगवतीगंज दक्षिणी के सफाई नायक दीपक व सफाईकर्मी आनंद को पहला स्थान, अचलापुर नीलबाग वार्ड के सफाई नायक राजन व सफाईकर्मी नंदलाल को दूसरा स्थान और टेढ़ी बाजार के सफाई नायक मजीद व सफाईकर्मी बंटी को तीसरा स्थान मिला है।
छह सदस्यीय टीम ने किया था वार्डों का निरीक्षण
स्थलीय निरीक्षण करने के लिए छह सदस्यीय टीम बनाई गई थी। इसमें नगरीय अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदर्श वर्मा, सिविल जेई अवनीश यादव, राजस्व निरीक्षक हर्षित कुमार, जलकल जेई धर्मेंद्र गौड़, सफाई प्रभारी अरविंद सिंह व जलकल प्रभारी अनिल कुमार वाल्मीकि शामिल थे। इन्हीं की रिपोर्ट के आधार पर सभासदों, सफाई नायकों व सफाईकर्मियों का चयन किया गया है।
- लाल चंद्र मौर्य, ईओ नगर पालिका बलरामपुर