बलरामपुर। साहब! दबंग पड़ोसियों ने पहले मारपीट की और अब घर का दीवार भी गिरा दी। शिकायत के बाद भी क्षेत्रीय पुलिस सुनवाई नही कर रही है। यह पीड़ा शनिवार को थाना समाधान दिवस पर तुलसीपुर थाने शिकायत कराने पहुंची ग्राम सड़वा गुलरिहा निवासी रूबिया ने बताई। मौजूद क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मामले की जांच का आदेश राजस्व एवं पुलिस टीम को दिया।
सड़वा गुलरिहा निवासी बुधराम ने शिकायत की कि विपक्षी पुरानी रंजिश को लेकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की। सीओ ने प्रभारी निरीक्षक को मामले की जांच का आदेश दिया। इस दौरान थाना स्तर पर सात मामले दर्ज कर इनमें से दो का निस्तारण मौके पर ही पक्षकारों की सहमति के आधार पर कराया गया।
इसी तरह नगर व देहात कोतवाली सहित 16 थानों में आयोजित थाना समाधान दिवस में पीड़ितों की शिकायत सुनी गई। एसपी केशव कुमार ने निर्देश दिया कि थाना समाधान दिवस में आने वाले शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के अंदर प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराया जाए।