बलरामपुर। गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों की जानकारी पाना अब यात्रियों के लिए आसान होगा। उन्हें इसके लिए पूछताछ काउंटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। रेलवे की तर्ज पर परिवहन विभाग ने भी रोडवेज बसों के संचालन की अपेडट जानकारी एलईडी स्क्रीन पर देने की शुरूआत की है। इसके लिए बलरामपुर डिपो में 41 लाख रुपये से दो एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
स्क्रीन पर स्थानीय डिपो में आने-जाने वाली बसों का शेड्यूल लगातार अपडेट होकर दिखेगा। यात्रियों को बसों के गंतव्य के बारे जानकारी लेने के लिए पूछतांछ काउंटर से लेकर चालक और परिचालक के चक्कर काटने की परेशानी नहीं उठाना पड़ेगी। बस स्टेशन पर लगी स्क्रीन पर गंतव्य तक जाने वाली बस कब मिलेगी इसकी जानकारी यात्रियों को बसों की रवानगी से पहले ही मिल जाएगी।
इसके साथ ही स्टेशन पर एक नया साउंड सिस्टम काउंटर भी अलग से बनाया गया है। इसके माध्यम से ही एलईडी स्क्रीन को अपडेट रखने का कार्य होगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके वर्मा ने बताया कि परिवहन निगम की तरफ से बस स्टेशन में एलईडी लगा दी गई है। साफ्टवेयर इंस्टाल होने के बाद बसों के बारे में जानकारी एलईडी स्क्रीन पर दिखने लगेगी।