बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 की तैयारियों ने जोरों पर हैं। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) पदों के लिए निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची के साथ-साथ अन्य तैयारियों पर भी कार्य शुरू कर दिया है।
जिले भर के 2524 बीएलओ द्वारा मतदाताओं का विवरण ऑनलाइन अपलोड कर दिया गया है, जिसकी फिलहाल सत्यापन प्रक्रिया जारी है। प्रशासनिक अमला भी हर स्तर पर तैयारियों में जुटा है। चुनाव में ग्राम प्रधान और जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) पद के लिए अधिकतम 45-45 चुनाव चिह्नों वाले मतपत्र तैयार किए जा रहे हैं। इनके अलावा विभिन्न संख्या वाले (4, 6, 9, 12, 18, 27 और 36) चुनाव चिह्नों के मतपत्र भी उपलब्ध रहेंगे, ताकि प्रत्याशियों की संख्या के अनुसार लचीलापन बरकरार रहे। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 4, 9 और 12 चुनाव चिह्नों वाले मतपत्र होंगे, जबकि बीडीसी पद के लिए भी 4 से लेकर 36 तक चिह्नों वाले मतपत्र तैयार कराए जा रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी पदों के लिए अलग-अलग रंगों के मतपत्र छपेंगे, जिससे मतदाताओं को भ्रम से बचाया जा सके और मतदान प्रक्रिया सुगम हो। अधिकारियों का कहना है कि इस बार जिले में लगभग 20 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतपत्रों की छपाई, मतदान केंद्रों का निर्धारण और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेजी से प्रगति पर है।