बलरामपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को दो होटलों से चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया। बच्चों से श्रम कराने पर दोनों होटल संचालकों को बाल कल्याण समिति में लाकर कड़ी चेतावनी दी गई। यह कार्रवाई एसपी विकास कुमार के निर्देश पर की गई, जिसके तहत शहर के होटलों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई।
प्रभारी निरीक्षक एएचटीयू बलजीत कुमार राव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में दो होटलों में बच्चों से कार्य कराया जाता हुआ पाया गया। तत्काल बच्चों को छुड़ाया गया और संचालकों को 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से कोई भी कार्य न कराने का निर्देश दिया गया। बाल कल्याण समिति द्वारा सभी बच्चों को बुलाकर अभिभावकों के हवाले किया गया, साथ ही उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया। समिति ने परिजनों को बच्चों का विद्यालयों में पंजीकरण कराने का सुझाव भी दिया। कार्रवाई के दौरान फुलवरिया बाईपास चौराहे के पास जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों से गरीब व जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की गई। इस अभियान में सिपाही रूपेश कुमार, महिला आरक्षी अर्चना, देहात कोतवाली की टीम और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।