बलरामपुर। जिले की तीनों गन्ना विकास समितियों में तीन अक्तूबर को मतदान होगा, इसके लिए 41 बूथ तैयार हैं। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक वोटिंग कराई जाएगी। मतदान के तत्काल बाद कड़ी सुरक्षा बीच मतगणना कराई जाएगी, जिसमें 123 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। इसमें 41 डेलीगेट चुने जाएंगे।
जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी/डीएम पवन अग्रवाल के निर्देश पर एमपीपी इंटर कॉलेज व डीएवी इंटर कॉलेज में 18-18 पोलिंग बूथ तैयार कर लिए गए हैं। अपर एसडीएम न्यायिक उतरौला/गन्ना विकास समिति बलरामपुर आरओ राजेंद्र बहादुर ने बताया कि गन्ना समिति बलरामपुर में 1169 डेलीगेट पदों के सापेक्ष 1053 दावेदारों के पर्चे वैध थे। 61 पर्चे खारिज होने के साथ 992 डेलीगेट सीटों पर दावेदारों के पर्चे बचे थे। नाम वापसी के बाद 956 डेलीगेट सीटों पर एकल नामांकन होने के चलते निर्विरोध निर्वाचन होना है। वहीं 36 डेलीगेट सीटों पर 108 उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किया गया था। हर डेलीगेट सीट पर तीन-तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन सभी उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 13 हजार 800 वोटरों को करना है।
गन्ना विकास समिति बलरामपुर/उतरौला के सचिव अविनाश सिंह ने बताया कि उतरौला में 314 डेलीगेट पदों के सापेक्ष 323 पर पर्चे दाखिल हुए थे। 21 नामांकन पत्र खारिज हो गए थे। जांच में 302 दावेदारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए थे। 299 सीटों पर एकल पर्चा के चलते डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचन तय है। तीन सीटों पर एक अधिक उम्मीदवार होने से चुनाव हो रहा है। गनवरिया खुर्द में 40 वोटरों को दो, रेडवलिया में दो सीटों पर 385 वोटरों को तीन और कुरथुई में 41 वोटरों को दो उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना है।
गन्ना विकास समिति तुलसीपुर के सचिव रवींद्र ने बताया कि 709 डेलीगेट सीटों पर 554 पर्चे भरे गए थे। जांच में 84 पर्चे खारिज हो गए। 470 पर्चे वैध पाए गए थे। 468 सीटों पर एकल नामांकन के चलते डेलीगेट का निर्विरोध निर्वाचन तय है। रतनुपर झिंगहा में 340 वोटरों को चार और बघेलखंड में 283 वोटरों को चार उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना है। गन्ना विकास समिति तुलसीपुर में मतदान व मतगणना कराई जाएगी।
सहायक जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी/एआर कोआपरेटिव अमरेश मणि तिवारी ने बताया कि बुधवार को विकास भवन सभागार में तीनों समितियों में 41 डेलीगेट सीटाें पर मतदान व मतगणना कराने वाले कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया है।