बलरामपुर। जिले में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डेंगू से पीड़ित जिले का एक मरीज लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती है। वायरल बुखार व डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है।
अस्पतालों में पर्याप्त बेड के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध हैं। जिला अस्पतालों के सीएमएस एवं सभी सीएचसी के अधीक्षकों को वायरल बुखार व डेंगू के मरीजों की विशेष निगरानी करने तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
प्रदेश में वायरल बुखार व डेंगू के मरीजों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए शासन स्तर से सभी जिलो में ऐसे मरीजों की प्रतिदिन रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है। शासन के निर्देश पर बलरामपुर जिले में भी वायरल बुखार व डेंगू के मरीजों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार जिले के अस्पतालों में 9 दिन पहले जहां वायरल बुखार के मात्र 25 मरीज रिपोर्ट किए गए थे वहीं सोमवार को कुल 573 मरीज पाए गए हैं। इनमें से 240 मरीजों की उम्र 15 वर्ष से कम है। जिले में अभी तक डेंगू का एक ही मरीज रिपोर्ट किया गया है।
गैड़ास बुजुर्ग ब्लाक के प्रानपुर गांव निवासी विशम्भर का पांच वर्षीय बेटा बीमार होने पर बीते दिनों लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती कराया गया था। वहीं पर जांच में उसके डेंगू होने की पुष्टि हुुई है। सीएमओ डा. सुशील कुमार ने बताया कि डेंगू, वायरल बुखार व मलेरिया जैसे संक्रामक रोगों पर नियंत्रण के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
अस्पतालों में आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। पर्याप्त मात्रा में बेड भी उपलब्ध है। सभी मुख्य चिकित्साधीक्षक तथा सीएचसी के अधीक्षकों को ऐसे मरीजों की विशेष निगरानी करने तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।