हरैया सतघरवा। जंगली जानवरों के खतरों से हरैया थाना क्षेत्र के 18 से अधिक गांवों के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अफसरों से जंगली जानवरों से सुरक्षा दिलाए जाने की गुहार लगाई है। आए दिन जंगली जानवरों के हमलों से ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीण तिलकराम, भूरेलाल, रज्जन, कल्लू, नाजिम, शरीफ व कमालुद्दीन आदि ने वन विभाग के अफसरों को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि बरहवा व बनकटवा रेंज में 18 से अधिक गांवों में जंगली जानवरों को आए दिन हमला हो रहा है। तेंदुए व अन्य जंगली जानवरों के हमलों में मवेशियों के साथ-साथ बच्चे भी शिकार हो रहे हैं।
बड़े, बुजुर्ग भी जंगली जानवरों के हमले में घायल हो रहे हैं। कई बार वन विभाग के अफसरों से सुरक्षा की गुहार लगाई गई लेकिन अभी तक सुरक्षा दिलाने के संबंध में वन विभाग की तरफ से कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया है। रात के समय अंधेरे का लाभ उठाकर जंगली जानवर गांवों में आ जाते हैं और हमला करके नुकसान पहुंचा रहे हैं।
करीब दो साल पहले क्षेत्रीय सांसद ने गांवों में सोलर लाइट लगवाने का आश्वासन दिया था लेकिन वह योजना भी अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। बरहवा/ बनकटवा रेंजर आरके सिंह ने बताया कि जंगली जानवरों से ग्रामीणों को सुरक्षा दिलाने के संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव में सोलर लाइट के साथ-साथ तार के बाड़ लगाने की योजनाएं शामिल हैं।