ललिया (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोसाई परसिया गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में छह घरों की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ितों ने क्षति का आकलन कराने के लिए हलका लेखपाल को सूचना दी गई है।
ललिया थाना क्षेत्र के गोसाई परसिया निवासी चेतराम ने बुधवार को बताया कि उनके घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने सहजराम, राम सागर व नानबाबू सहित छह घरों को अपने आगोश में ले लिया। घटना में पालेसर मशीन सहित घर-गृहस्थी के सभी सामान जलकर राख हो गए है।
ग्रामीणों ने घंटों कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सूचना के बाद भी मौके पर आग बुझाने के लिए फायर कर्मियों की टीम नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने हल्का लेखपाल को क्षति का आकलन करने की सूचना दी। सूचना के बाद भी हल्का लेखपाल भी क्षति का आंकलन करने के लिए गांव नहीं पहुंचे है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने हलका लेखपाल को निर्देश दिया है कि तत्काल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं जिससे पीड़ितों को शीघ्र मदद मुहैया कराई जा सके।