फोटो-16- पेहर बाजार में प्रदर्शन करते उपभोक्ता। संवाद
पेहर बाजार। क्षेत्र में लगातार चरमराई बिजली आपूर्ति से नाराज ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले छह दिनों में क्षेत्र को कुल मिलाकर 16 घंटे भी बिजली नहीं मिली है। रात में मुश्किल से दो घंटे और दिन में लगभग चार घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर विद्युत आपूर्ति सामान्य नहीं की गई और लापरवाह लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे कानूनी प्रक्रिया के तहत चक्का जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। ग्रामीणों ने रेंडवलिया ग्रामसभा के घोड़चढ़ी और पिर्थीडीह मजरों में कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने का मुद्दा भी उठाया और उच्च क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। प्रदर्शन में संतोष यादव, सूरज सोनकर, शिवकरन यादव, बलिराम वर्मा, मसूद खान, भागवत शरण त्रिपाठी, मुन्नू यादव, आजाद सिंह, गुलजार खान, शाजिम सिद्दीकी, मुन्ने खान, रामू पांडेय, उत्तम लाल, सुहैल खान, चांद बाबू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रभारी निरीक्षक के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह ने प्रदर्शनकारियों से फोन पर वार्ता कर पुलिस बल भेजने की जानकारी दी और शांतिपूर्वक ज्ञापन देने की अपील की। इसके बाद लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।