बलरामपुर के विकास भवन सभागार में अभ्यर्थियों के अभिलेख का सत्यापन करते अधिकारी।
बलरामपुर। आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ताओं की कमी दूर करने के लिए 625 पदों पर कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसी के तहत बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में पांच ब्लॉकों के अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन कराया गया।
सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने बताया कि बाल विकास परियोजना रेहरा बाजार, उतरौला, पचपेड़वा, बलरामपुर देहात व बलरामपुर शहर के रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पदों के लिए वरीयता सूची में प्राप्त प्रथम तीन अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन कराया गया। इसमें आवेदन पत्र, समस्त शैक्षिक अभिलेख, आय, जाति व निवास प्रमाण-पत्र, विधवा, तलाकशुदा आदि अभिलेखों की जांच की गई। जिनके अभिलेख सत्यापन में अपूर्ण पाए गए हैं उन्हें तीन दिन का समय दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 25 व 27 फरवरी को कराए गए अभिलेखों के सत्यापन की प्रक्रिया में जो अभ्यर्थी नहीं पहुंच पाए थे उन्हें एक और मौका दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थी 28 फरवरी व एक मार्च को विकास भवन सभागार में आकर अपने अभिलेखों का सत्यापन करा सकते हैं।