बलरामपुर। जिले के 2056 फ्रंट लाइन वर्करों को 11 फरवरी से कोविशील्ड टीका लगाया जाएगा। इसके लिए सात अस्पतालों में 16 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए हैं। सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि 11 फरवरी को एजी हाशमी इंटर कॉलेज उतरौला में तीन टीकाकरण सत्र आयोजित कर 391 फ्रंट लाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा।
ईशावास्यम इंटर कॉलेज तुलसीपुर में तीन सत्र आयोजित कर 310 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। फजले रहमानिया कॉलेज पचपेड़वा में दो सत्र में 265 लोगों को टीका लगाया जाएगा। जिला मेमोरियल अस्पताल में दो सत्र में 280 फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण होगा। एसएसबी मुख्यालय बलरामपुर ग्रामीण क्षेत्र में तीन सत्र में 400 लोगों का टीका होगा। पुलिस लाइन बलरामपुर में दो सत्र में 260 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। जिला संयुक्त चिकित्सालय में एक सत्र आयोजित कर 150 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इस तरह जिले में कुल 16 सत्र आयोजित कर 2056 फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण किया जाएगा।
नोडल अधिकारी करेंगे टीकाकरण की निगरानी
11 फरवरी को होने वाले फ्रंट लाइन वर्करों के टीकाकरण के लिए सभी स्थलों पर स्वास्थ्य, पुलिस व प्रशासन के नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि जिला मेमोरियल चिकित्सालय पर सीएमएस डॉ. एके श्रीवास्तव, एजी हाशमी इंटर कॉलेज उतरौला में जिला परामर्शदाता मातृ स्वास्थ्य विनोद कुमार त्रिपाठी एवं ईशावास्यम इंटर कॉलेज तुलसीपुर में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजीवन लाल स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी होंगे।
पुलिस लाइन बलरामपुर में जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, एसएसबी मुख्यालय बलरामपुर में डिप्टी सीएमओ डॉ. अरुण कुमार, फजले रहमानिया मदरसा पचपेड़वा में डिप्टी सीएमओ डॉ. रवि नंदन त्रिपाठी एवं जिला संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर में सीएमएस डॉ. नानक सरन को स्वास्थ्य विभाग का नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस एवं प्रशासन से भी अलग-अलग नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी टीकाकरण स्थलों पर स्वास्थ्य, पुलिस एवं प्रशासन के नोडल अधिकारी मौजूद रहकर टीकाकरण की निगरानी करेंगे।
जीवन की रक्षा के लिए लगवाएं कोरोना वैक्सीन
कोरोना महामारी से बचाव के लिए फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण शुरू हो गया है। 11 फरवरी को टीकाकरण कराने के लिए बुधवार को नगर पालिका सभागार में एक बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सीएमएस डॉ. एके श्रीवास्तव एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली ने कहा कि 11 फरवरी को 140 सफाईकर्मियों का टीकाकरण किया जाना है।
सभी सफाईकर्मी जीवन की रक्षा के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं। टीका लगवाने के लिए सभी लोग सुबह नौ बजे जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंच जाएं। बैठक में ईओ राकेश कुमार जायसवाल, राजस्व निरीक्षक हर्षित कुमार मिश्रा व सफाई प्रभारी सुरेश कुमार गुप्ता सहित सभी सफाई नायक मौजूद रहे।