बलरामपुर। अमर उजाला फाउंडेशन ने शनिवार को सेंट जेवियर्स स्कूल में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया। जिसमें इस बार महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन के साथ ही कॅरिअर को लेकर भी जानकारी दी गई। हरेक मुद्दे पर अधिकारियों ने खुलकर अपनी बात कही। कहा कि आज के दौर में हर कोई इंटरनेट से जुड़ा है, ऐसे में इसका उपयोग सकारात्मक कार्य में करें।
कार्यक्रम में छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से सवाल जवाब कर जानकारियां हासिल की। इस मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य आसिम रूमी, समन्वयक राजेश जायसवाल, लईक अंसारी, रिजवाना सिद्दीकी, आफाक हुसैन, अमित कुमार, जया मिश्रा, संजय सिंह तोमर व मनमोहन ओझा सहित अन्य ने विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानकारी दी।
खुलकर कहें अपनी बात, हम है आपके साथ
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि पुलिस की पाठशाला का मतलब है कि आप जो चीजें यहां से सीखें, उसे जाकर अपने घर पर परिजनों को बताएं। इससे काफी कुछ बदलाव आएगा। सामाजिक गतिविधियों में परिवर्तन होगा। कहा कि अगर किसी चीज में आप बदलाव चाहते हैं तो खुद में भी उसके अनुरूप चेंज लाना होगा। जब आप बदलाव का हिस्सा बनते हैं तो समाज का भी साथ मिलता है। हर आदमी अपने आप में पुलिस है, ऐसे में वह खुद सुरक्षित रहते हुए दूसरों को भी सुरक्षा प्रदान करे। एसपी ने कहा कि सबसे ज्यादा अस्वाभाविक मौतें सड़क हादसे के कारण होती है, ऐसे में खुद यातायात नियमों का पालन करें और अन्य को भी प्रेरित करें। आज इंटरनेट से हर कोई जुड़ा है, ऐसे में इसका प्रयोग पाजिटिव कार्य में सकारात्मक सोच के साथ करें।
गोपनीय जानकारी न करें साझा
साइबर सेल प्रभारी आरपी यादव का कहना है कि बच्चों को साइबर अपराध से बचाव के लिए सजग रहना चाहिए। डिजिटल अरेस्ट की घटनाओं में वृद्धि हुई है। ऐसे में सजगता ही बचाव का सबसे अच्छा माध्यम है। साइबर अपराध से बचने के लिए किसी भी तरह की पर्सनल जानकारी किसी से भी साझा न करें। अगर कोई भी व्यक्ति आपको ब्लैकमेल करता है तो तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दें।
यातायात नियमों का करें पालन
यातायात प्रभारी उमेश सिंह का कहना है कि सड़कें अच्छी होने के कारण वाहनों की गति अधिक होती है। ऐसे में नियमों का पालन न करने के कारण हादसे होते हैं। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। सीट बेल्ट लगाने पर दुर्घटना के समय सेफ्टी बैग खुल जाता है और सवार लोग सुरिक्षत हो जाते हैं। बाइक चलाते समय हेलमेट लगाएं। तेज गति से वाहन न चलाएं। नशा करके यात्रा न करें। बच्चे अभिभावकों को यातायात नियमों को लेकर जागरूक करें।
बेझिझक अपनी परेशानी हमें बताएं
नारी सुरक्षा दल प्रभारी दीपिका पांडेय ने मिशन शक्ति के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बेटियों को खुलकर अपनी बात करनी चाहिए। परिवार को बताएं, शिक्षक को बताएं। पुलिस को बताएं। हर थाने पर अलग से महिला हेल्प डेस्क है। यही नहीं, हेल्पलाइन नंबर 1090 पर कॉल करके बताएं। समस्या का समाधान त्वरित होगा। महिला थाना प्रभारी विनीता चतुर्वेदी, अर्चना साहू, प्रीतम यादव, ज्योति मिश्रा व सुमन आदि ने महिला सुरक्षा को लेकर जानकारी दी।