बलरामपुर। बेरोजगारों को स्वरोजगार का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक सितंबर तक आवेदन करने वाले महिलाओं व पुरुषों का प्रशिक्षण पाने का मौका मिलेगा। चार माह तक होने वाले प्रशिक्षण में सभी बेरोजगारों को बेहतर तरीके से कारोबार करने के तौर-तरीके बताए जाएंगे। उपायुक्त उद्योग ने जरूरतमंद बेरोजगारों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
उपायुक्त उद्योग राजेश कुमार पांडेय ने बीते दिन बताया कि वित्त वर्ष 2021-22 में अनुसूचित जाति व जनजाति के 18 से 45 वर्ष के बेरोजगार महिलाओं व पुरुषों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से सामूहिक प्रशिक्षण योजना शुरु की गई है।
इस योजना में चार माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुरुषों को बिजली मोटर रिपेरिंग और महिलाओं को साड़ियों की कढ़ाई-छपाई का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। हाईस्कूल पास करने वाले महिलाओं व पुरुषों को योजना में शामिल किया जाएगा।
विभाग के वेबसाइट पर 31 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन और एक सितंबर तक भगवतीगंज स्थित जिला उद्योग कार्यालय में आवेदन जमा करने वालों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। आवेदन जमा करने के दौरान महिलाओं व पुरुषों को कोरोना प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन करना अनिवार्य होगा।