फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: गैस सिलिंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने हाईवे किया जाम

Tue, 05 May 2026 11:24 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-24-बलरामपुर के तुलसीपुर रोड पर बाला गैस एजेंसी के सामने चक्काजाम करते लोग ।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। जिले में अभी भी गैस सिलिंडर आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधर रही है। बुकिंग के 20 दिन बीतने के बाद भी सिलिंडर मिलना मुश्किल हो रहा है। सिलिंडर के लिए उपभोक्ता गोदाम व एजेंसी का चक्कर काट रहे हैं। मंगलवार को सिलिंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने तुलसीपुर हाईवे जाम कर दिया। लंबा जाम लगने से राहगीरों को भी परेशान होना पड़ा। पुलिस के पहुंचने पर किसी तरह जाम हटवाया गया।
विज्ञापन

नगर के कालीथान स्थित बालाजी गैस एजेंसी पर इस समय सिलिंडर आपूर्ति व्यवस्था बिगड़ गई है। बुकिंग के सापेक्ष स्टॉक न होने के कारण उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ता निराश लौट रहे हैं। मंगलवार की सुबह पहुंचे उपभोक्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। कालीथान चौराहे पर बलरामपुर-तुलसीपुर हाईवे जाम करके हंगामा करने लगे। करीब आधा घंटे तक आवागमन बाधित रहा। नगर कोतवाल मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचकर जाम को किसी तरह हटवाया। उपभोक्ता मुसीबत अली, हरिओम, मोहर्रम अली व बृजेश वर्मा का आरोप है कि उन्होंने 20 दिन पहले बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं मिल पाया है। एजेंसी की तरफ से होम डिलीवरी की सुविधा भी नहीं दी जा रही है। मुसीबत अली ने बताया सात अप्रैल को गैस बुक कराया था, एक महीने होने वाला है, लेकिन सिलिंडर के लिए चक्कर लगा रहे हैं। बृजेश वर्मा ने कहा कि घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। छोटे बच्चों को स्कूल में टिफिन नहीं दे रहे हैं। उपभोक्ताओं की मजबूरी एजेंसी संचालक व अधिकारी नहीं समझ रहे हैं। बालाजी एजेंसी संचालक मुकेश पांडेय ने बताया कि दो दिनों से स्टॉक न आने के कारण बुकिंग का लोड बढ़ गया है। मंगलवार को एजेंसी पर 1700 बुकिंग थी, वहीं सिर्फ 200 का ही स्टॉक था। इस कारण उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा।
होम डिलीवरी का दावा हवाई
जिलाधिकारी ने अप्रैल माह में ही सभी एजेंसी संचालकों को सिलिंडर होम डिलीवरी करने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके जिला मुख्यालय के एजेंसी संचालकों ने होम डिलीवरी की व्यवस्था नहीं शुरू की है। सार्वजनिक स्थानों पर सिलिंडर लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग रही है। विभागीय अधिकारियों के ध्यान न देने से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है। शहर के वैभव पांडेय ने जिलाधिकारी से वार्ता कर वितरण कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि व्यवस्था में सुधार के निर्देश विभाग को दिए गए हैं।
विज्ञापन

जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने बताया कि सभी एजेंसी संचालकों को जिलाधिकारी की तरफ से होम डिलीवरी करने का निर्देश दिया गया है। किन कारणों से सिलिंडर आपूर्ति में देरी हो रही है, इस बारे में एजेंसी संचालकों से जानकारी ली जाएगी। बुकिंग के आधार पर सिलिंडर वितरण का निर्देश दिया गया है। यदि कहीं कोई समस्या है तो उसका निस्तारण कराया जाएगा।

फोटो-24-बलरामपुर के तुलसीपुर रोड पर बाला गैस एजेंसी के सामने चक्काजाम करते लोग ।-संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें