बलरामपुर। विकास भवन सभागार में मंगलवार को उद्यम सखी परीक्षा हुई। पंजीकृत 120 महिलाओं में से 60 ने हिस्सा लिया। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता के निर्देशन में आयोजित परीक्षा को प्रभारी उपायुक्त एनआरएलएम सुशील कुमार अग्रहरि ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए परिषदीय विद्यालयों के पांच शिक्षकों को पर्यवेक्षक के रूप में लगाया गया था। जिला मिशन प्रबंधक अखिलेश मौर्य और विवेक गोदर ने पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की। अधिकारियों ने बताया कि उद्यम सखियों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। चयनित महिलाएं आगे चलकर ग्राम स्तर पर अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेंगी।
उद्यम सखी योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें लखपति दीदी बनने के लिए तैयार करना है। एनआरएलएम के तहत यह परीक्षा महिलाओं की उद्यमिता, वित्तीय साक्षरता और नेतृत्व क्षमता का मूल्यांकन करने के लिए आयोजित की गई थी। चयनित उद्यम सखियों को आगे प्रशिक्षण देकर रोजगार सृजन की दिशा में सक्रिय किया जाएगा।