बलरामपुर। जिले के तीनों तहसीलों में दो हजार लोगों को चार चार माह से ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला है। परिवहन कार्यालय में बनवाए गए ड्राइविंग लाइसेंस अब तक उनके पास नहीं पहुंचे हैं। आवेदकों को वाहन चलाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों ने परिवहन विभाग से समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला अलीजानपुरवा निवासी पप्पू शाह ने बताया कि करीब चार माह पहले उनके ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता समाप्त हो रही थी। नवीनीकरण कराने के लिए परिवहन विभाग में दस्तावेज जमा किया था। अभी तक उनको ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला है, जिससे परेशानी हो रही है। कटरा शंकर नगर निवासी मोहम्मद शादाब का कहना है कि उन्होंने तीन माह पहले नया ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। अभी तक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला है, जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पचपेड़वा निवासी हसन मोहम्मद का कहना है कि उनका ड्राइविंग लाइसेंस खो गया था। डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए तीन महीने पहले सभी दस्तावेज पूरा करके परिवहन कार्यालय में जमा कर दिया था लेकिन अभी तक ड्राइविंग लाइसेंस बनकर नहीं आया है।
ऐसे दो हजार लोग हैं जिन्होंने महीनों पहले आवेदन किया था, लेकिन उन्हें अब तक लाइसेंस नहीं मिल सका है। ऐसे में लोगों को वाहन चलाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन के बाद समय से ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिलेगा, तो ऐसी सेवा का क्या फायदा, इससे तो मैनुअल ही ठीक है।
..............................................
कार्ड की कमी दूर, जल्द मिलेगा लाइसेंस
पूरे प्रदेश का ड्राइविंग लाइसेंस लखनऊ में एक प्राइवेट संस्था बनवाकर डाक के जरिए आवेदकों के पत्ते पर भेजती है। संस्था के पास कार्ड की कमी होने से ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन पा रहा था। अब संस्था के पास कार्ड की कमी पूरी हो गई है। जल्द ही लोगों के पास उनका ड्राइविंग लाइसेंस पहुंच जाएगा।
- बृजेश यादव, एआरटीओ