बलरामपुर। कोरोना संक्रमण जिले में लगातार खतरनाक होता जा रहा है। गुरुवार को जिले में कोरोना के चलते दो लोगों की मौत हो गई। 165 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि लोगों की लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमण जिले में तेजी से बढ़ रहा है। चीनी मिल निवासी राजेश कुमार वर्मा (59) को बुखार व खांसी की शिकायत मिलने पर 15 अप्रैल को जिला संयुक्त चिकित्सालय के एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 20 अप्रैल को इलाज के दौरान राजेश कुमार सिंह की मौत हो गई।
इसी तरह गोविंदबाग निवासी बदलू (47) को बुखार व खांसी की शिकायत मिलने पर 16 अप्रैल को जिला संयुक्त चिकित्सालय के एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
21 अप्रैल को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रफीनगर उतरौला में 16, चंदनपुर में 11, शिवपुरा में 10, भोजपुर गैसड़ी व बेलवा में 5-5, सिविल लाइन व सेमरी गैसड़ी में 4-4, धुसाह, बलरामपुर चीनी मिल, रुद्रपुर कंडिला तुलसीपुर, टेंगनहवा गैसड़ी में 3-3 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है।
इसी तरह तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, हरैया सतघरवा, उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग, रेहरा बाजार व बलरामपुर ब्लाक के तमाम गांवों में कुल 165 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इन लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार किया जा रहा है।
पॉजिटिव पाए गए लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है। इन लोगों के संपर्क में आए लोगों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा। जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 3860 हो गई है। 2621 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 46 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 1193 हैं।