बलरामपुर। एकल अभियान से संबद्ध अभ्युदय यूथ क्लब की तरफ से आयोजित होने वाली दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज मंगलवार 17 अक्तूबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। इस प्रतियोगिता में 300 गांवों के करीब 350 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
आयोजन को लेकर सोमवार को जिला पंचायत सभागार में एक बैठक भी हुई। इस अवसर पर एकल विद्यालय महिला समिति की जिलाध्यक्ष आद्या सिंह पिंकी ने बताया कि प्रतियोगिता में बलरामपुर अंचल के बच्चे भाग लेंगे। खेल कूद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 30 व 31 अक्टूबर को केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सेदारी का मौका मिलेगा। एकल विद्यालय अभियान युवा समिति के जिलाध्यक्ष रवीन्द्र गुप्ता कमलापुरी ने बताया कि गांवों की प्रतिभा को निखारने के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।