बलरामपुर। चार पुल व चार कालोनी के भवनों की मरम्मत पर एक करोड़ 82 लाख 13 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। पुलों के मरम्मत से तुलसीपुर तहसील के 50 हजार लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। कालोनी में भवनों की मरम्मत होने से अधिकारियों व कर्मचारियों को रहने के लिए बेहतर ठिकाना मिलेगा।
अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड कुमार शैलेंद्र ने बताया कि जुलाई से सितंबर तक बाढ़ व बारिश के चलते तुलसीपुर तहसील में चार पहाड़ी नालों के पुल ध्वस्त हो गए थे। चार पुलों की मरम्मत पर 92 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बहराइच सिरसिया तुलसीपुर गुलरिहा मार्ग पर 41 वें किलोमीटर पर स्थित ककरहवा नाला पुल की मरम्मत पर 21 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जांएगे। इसी मार्ग पर 31वें किलोमीटर के पास स्थित जमधरा नाला पुल की मरम्मत पर 19 लाख 50 हजार रुपये खर्च होंगे। 35 वें किलोमीटर पर स्थित धोबनिया नाला के पुल मरम्मत पर 28 लाख रुपये एवं 39 वें किलोमीटर पर स्थित कचनी नाला पुल की मरम्मत पर 23 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। चार पुलों की मरम्मत होने से आसपास के 50 हजार से अधिक लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
निर्माण कार्य पर खर्च होंगे 90 लाख रुपये
-पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि भवन की मरम्मत व बाउंड्रीवाल निर्माण पर 90 लाख 13 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। निरीक्षण भवन बलरामपुर की मरम्मत पर 15 लाख 80 हजार रुपये तथा निरीक्षण भवन उतरौला की मरम्मत पर 19 लाख 46 हजार रुपये खर्च करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। श्रीदत्तगंज बाजार स्थित लोक निर्माण विभाग की जमीन पर चारों तरफ बाउंड्रीवॉल का निर्माण 25 लाख 67 हजार रुपये से कराया जाएगा, जिससे अतिक्रमण का डर दूर होगा। भवनों की मरम्मत पर 29 लाख 20 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे, इससे कर्मचारियों के रहने की समस्या दूर होगी।