भाजपा मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर एसपी ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
उतरौला (बलरामपुर)। पेड़ की कटान के लिए बीस हजार रुपये की वसूली करना पुलिस कर्मियों को भारी पड़ गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पैसा वसूलने वाले दो आरक्षियों को निलंबित कर दिया है।
शाहपुर तप्पा बांक निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष रामू वर्मा 30 दिसंबर को अपने बाग में सूख चुके शीशम के पेड़ कटवा रहे थे। उन्होंने पेड़ कटवाने की सूचना अधिकारियों को दी थी। इसी दौरान मौके पर बांक भवानी पुलिस चौकी क्षेत्र के आरक्षी देवाशीष कुमार व सुधांशु कुमार पहुंच गए।
इन पुलिस कर्मियों ने रामू वर्मा को हरा पेड़ काटने का अपराधी बताते हुए थाने पर बुलाया। रास्ते में ही इन दोनों आरक्षियों ने दबाव बनाते हुए रामू वर्मा से बीस हजार रुपये वसूल लिए। रुपये लेने के बाद उसे छोड़ भी दिया। मंडल अध्यक्ष ने इस प्रकरण की सूचना क्षेत्रीय विधायक राम प्रताप वर्मा को दी।
विधायक ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से बात की। मंडल अध्यक्ष ने भी एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी ने बताया कि शिकायत की जांच कराई गई है। शिकायत सही पाए जाने पर दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है।