बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के रतनवा गांव में शनिवार की रात अज्ञात कारण से लगी आग ने तीन परिवारों को तबाह कर दिया। घटना में दो मवेशी बुरी तरह झुलस गए। एक परिवार की 20 हजार नकदी सहित तीनों परिवार के घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया है। हल्का लेखपाल ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी है।
रतनवा निवासी भभूती ने बताया कि उसके घर में अज्ञात कारण से आग लग गई। घटना के समय भभूती का परिवार सो रहा था। अग्निकांड में भभूती के दो मवेशी झुलसकर घायल हो गए। घटना में भभूती का 20 हजार नकदी सहित घर गृहस्थी का सारा सामान जल गया। देखते ही देखते आग ने पड़ोसी राम मनोहर व विश्वनाथ के आशियानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने यूपी-112 को दी। पुलिस एवं ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल कन्हैयालाल ने बताया कि क्षति का आंकलन किया गया है। रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। शीघ्र ही पीड़ितों को अहेतुक सहायता दिलाई जाएगी।