बलरामपुर। एप डाउनलोड कर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान कार में कई प्रकार के इलेक्ट्राॅनिक सामान बरामद किए गए हैं।
जनपद बहराइच के थाना पयागपुर ग्राम बरगदही बसनेरा निवासी अवधेश शुक्ल व ग्राम मनेरा रानीपुर धौरी निवासी वीरेंद्र तिवारी उर्फ बाबू को देहात की पुलिस ने मंगलवार को पकड़ा है। एसपी विकास कुमार ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी की टीम मंगलवार शाम पांच बजे राष्ट्रीय राजमार्ग बलरामपुर-बहराइच पर सेखुईकला तिराहे पर जांच कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट के एक मारुती कार रोकी गई। कार में बैठे दोनों आरोपी वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। तभी पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। दोनों के पास दो मोबाइल फोन व दो एटीएम कार्ड के साथ 400 रुपये भी मिले हैं। कार में धोखाधड़ी से प्राप्त गत्ते में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए हैं। दोनों ने पुलिस से बताया कि मोबाइल फोन में एप डाउनलोड करके लोगों के साथ साइबर ठगी की जा रही थी। (संवाद)