बलरामपुर। जिला अस्पताल के चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एमएलके महाविद्यालय में 24 जनवरी को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होगा। दो पॉलियों में करीब 500 से अधिक कर्मचारियों को बिहैवियर चेंज विषय पर जानकारी दी जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा देने के साथ ही अच्छा व्यवहार करना भी जरूरी है। अच्छा व्यवहार से मरीजों को इलाज में राहत मिलती है। कार्यशाला में कर्मचारियों को मरीजों के साथ विनम्र व्यवहार करने की सीख दी जाएगी। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक व दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक दो पॉलियों में कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ल को कार्यशाला का नोडल नामित किया गया है। कार्यशाला में सभी चिकित्सक व कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड में आना होगा। कार्यशाला में अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों का उस दिन के वेतन की कटौती की जाएगी।