बलरामपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु आईएएस के दल ने जिले में अपने कार्यक्रमों की झलक बिखेरनी शुरू कर दी है। भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को प्रशिक्षु आईएएस का दल सदर ब्लॉक के गौरा चौराहा रोड स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचा।
वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों का दर्द साझा किया। बुजुर्गों को गर्म कपड़े व अन्य उपहार भेंट किए। जिले का पिछड़ापन दूर कराने में सहयोग करने के लिए नीति आयोग के सुझाव पर प्रशिक्षु आईएएस का दल बलरामपुर भेजा गया है।
डीएम श्रुति ने बताया कि शासन स्तर से भारतीय प्रशासनिक सेवा के चयनित 30 प्रशिक्षु आईएएस को पांच गांवों में 10 दिनों का भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी मसूरी से भारतीय प्रशासनिक सेवा के 20 पुरुष व 10 महिला प्रशिक्षु आईएएस सोमवार को जिले में पहुंच गए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर सभी प्रशिक्षु आईएएस को विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस के साथ जिला स्तरीय और 9 वीं व 50 वीं वाहिनी एसएसबी के अधिकारी मौजूद रहे। भारत-नेपाल सीमा से सटे बार्डर ऐरिया के पचपेड़वा ब्लॉक के ग्राम विशुनपुर-विश्राम, गैसड़ी के जनकपुर, हरैया सतघरवा के चौधरीडीह व शिवानगर और रेहरा बाजार ब्लॉक के सहजौरा ग्राम पंचायत में सभी प्रशिक्षु आईएएस पांच जनवरी तक गांवों में होने वाले विकास कार्यों का अध्ययन करेंगे।
गांवों में एक्सपोजर विजिट का जिम्मा नोडल अधिकारी डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह सहित जिला स्तरीय अन्य अधिकारियों को सौंपा गया है। प्रशिक्षु आईएएस को एक्सपोजर विजिट के दौरान धरातल पर होने वाले विकास कार्यों के क्रियान्वयन की जानकारी हासिल करेंगे।
प्रशिक्षु आईएएस दल भ्रमण के दौरान जो रिपोर्ट तैयार करेंगे, उसी के आधार पर गांवों में विकास कार्यों का खाका खींचा जाएगा। दल के साथ जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी आशीष द्विवेदी व संस्था के प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।