फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: भाजपा सरकार में निर्भय होकर व्यापार कर रहे व्यापारी

Tue, 06 Jun 2023 11:38 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
बलरामपुर के भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबो​धित करते प्रभारी मंत्री नितिन अग्रलाव
विज्ञापन
बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय सभागार में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि रहीं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता के नेतृत्व में जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल व श्रावस्ती के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह राठौर ने मोदी सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। इन्होंने भाजपा को व्यापारियों का सच्चा हितैषी बताते हुए निर्भय होकर व्यापार करने की बात कही।
विज्ञापन

मुख्य अतिथि रेखा गुप्ता ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इनका विकास होने पर ही देश की अर्थ व्यवस्था मजबूत बन सकती है। पहले की सरकारों में अपराधी व्यापारियों से वसूली करते थे। लेकिन 2014 में भाजपा की सरकार बनने के बाद से व्यवसायी बिना किसी डर के व्यापार कर रहे हैं। व्यापारियों की सुविधा के लिए इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन कर उन्हें बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर व्यापारी वर्ग को अलग पहचान मिली है। इन्वेसटर्स समिट के जरिए सरकार पुराने व्यापारियों के साथ नए लोगों का भी उद्योग लगाने में सहयोग कर रही है। सम्मेलन को श्रावस्ती के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह राठौर व एमएलसी पद्मसेन चौधरी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम संयोजक नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने अतिथियों तथा व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
विज्ञापन

इस अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, श्रावस्ती लोकसभा संयोजक शंकर दयाल पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, श्रावस्ती जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा, बृजेंद्र तिवारी व रमेश पाहवा आदि मौजूद रहे।
विश्व पटल पर भारत को दिलाई अलग पहचान
बलरामपुर। तुलसीपार्क स्थित भाजपा कार्यालय अटल भवन में मंगलवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ साल में देश के विकास व गरीबों की सेवा के लिए काम किया है। उन्होंने भारत को विश्व पटल पर अलग पहचान दिलाई है। विदेशों में प्रधानमंत्री को मिल रहा सम्मान इसका प्रमाण है। आज पूरा विश्व मोदी का लोहा मान रहा है।
मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरा होने पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाया जाना और जी-20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता मिलना मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं। इन उपलब्धियों ने भारत को विश्व पटल पर अलग पहचान दिलाई है।
प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि बलरामपुर में प्रधानमंत्री ने सरयू नहर परियोजना का लोकार्पण कर तराई के किसानों को अमूल्य सौगात दी है। जिले में केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर, आउटर रिंग रोड व थारू जनजाति के लिए शुरू की गई योजनाएं भाजपा सरकार की देन हैं।
श्रावस्ती के प्रभारी मंत्री राकेश राठौर ने कहा कि मोदी सरकार सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है। जनता 2024 के चुनाव में समर्थन देकर एक बार फिर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाएगी। इस अवसर पर जिला प्रभारी त्रयंबक तिवारी, नगर पालिका परिषद उतरौला के अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्ता, संजय कुमार शुक्ल, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह व सह मीडिया प्रभारी संदीप उपाध्याय आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें