जरवा। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग की तुलसीपुर रेंज में बाघ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्राम बदलपुर में बुधवार देर रात करीब दो बजे बाघ घर के परिसर में घुसकर ग्रामीण राधेश्याम की बकरी उठा ले गया। सुबह घर के पीछे खेत में बकरी की पूंछ और हड्डियां मिलने से घटना की पुष्टि हुई। इससे गांव में दहशत का माहौल है।
पशुपालक राधेश्याम और कमल ने बताया कि यदि क्षेत्र में बिजली रहती तो घर के पीछे लगी लाइट जल रही होती और बाघ के आने की आशंका कम रहती। उन्होंने कहा कि बिजली न होने से टॉर्च भी चार्ज नहीं थी, इसलिए रात में तलाश नहीं की जा सकी। इससे एक रात पहले मंगलवार को भी बाघ ने बदलपुर में आनंद मिश्रा की गाय को पशुशाला में ही हमला कर मार डाला था। ग्रामीणों के अनुसार गाय काफी देर तक चिल्लाती रही, लेकिन घना अंधेरा होने के कारण कोई भी बाहर निकलने का साहस नहीं जुटा सका।
तुलसीपुर रेंज के रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि वन विभाग लगातार ग्रामीणों को जागरूक कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंधेरा होने पर जंगली जानवर अधिक सक्रिय हो जाते हैं और भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों का रुख करते हैं। लोगों से रात में सतर्क रहने, अकेले बाहर न निकलने तथा किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।