बलरामपुर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता में एमएलके पीजी कालेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थियों का चयन अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह विद्यार्थी अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में सिद्धार्थनगर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु सिद्धार्थनगर में बृहस्पतिवार को अंतर महाविद्यालयीय विविधा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में एमएलके पीजी कालेज बलरामपुर के छात्र सौम्य पांडेय, भाषण प्रतियोगिता में छात्रा शिखा पांडेय व एकल अभिनय में छात्रा कीर्ति उपाध्याय ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कविता लेखन प्रतियोगिता में अतुल मिश्र को दूसरा स्थान मिला। एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने इन छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए बताया कि प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को गोरखपुर में आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।