बलरामपुर। जिले में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम पवन अग्रवाल ने मंगलवार को 132 निजी उर्वरक विक्रेताओं और 53 समितियों के स्टॉक व बिक्री का ब्योरा आईएफएमएस पोर्टल पर खंगाला। इसमें कई विक्रेताओं और समितियों के पास पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद बिक्री न करने के मामले सामने आए। डीएम ने सील गई गई तीन दुकानों को खुलवाकर एसडीएम की निगरानी में वितरण शुरू कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी एसडीएम को राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों के माध्यम से निजी विक्रेताओं एवं समितियों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करान और तत्काल रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि स्टॉक होते हुए भी बिक्री न करने वालों के खिलाफ फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर और ईसी एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए पहले से सील तीन दुकानें सारा ट्रेडर्स जुड़ीकुइयां पचपेड़वा (45 बोरी), मे. संतराम रेहरा बाजार (170 बोरी) और मे. औद्योगिक उत्पादन समिति महमूदनगर (1820 बोरी) को अस्थायी रूप से खोलने की अनुमति दी है। इन दुकानों का खाद वितरण एसडीएम की निगरानी में कृषि विभाग द्वारा कराया जाएगा। डीएम ने कर्मचारियों की कमी वाली 13 बी-पैक्स समितियों में ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) और सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) की तैनाती कर दी है, ताकि किसानों को बिना किसी कठिनाई के खाद मिल सके।