महराजगंज तराई (बलरामपुर)। ललिया रोड पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज तराई के पास दो बाइकों की टक्कर हो गई। जिसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। भाग रहे बाइक सवार ने एक अन्य युवक को भी टक्कर मार दी। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
महादेव हरिहरनगर निवासी लक्ष्मी प्रसाद (50) अपने पुत्र गिरिजा शंकर (18) के साथ मोटर साइकिल से ललिया अपने रिश्तेदार के घर गए थे। शुक्रवार को लौटते समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज तराई के पास सामने से आ रहे बाइक सवार से टक्कर हो गई। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। दूसरे बाइक सवार ने भागते समय ललिया रोड निवासी अमरिका प्रसाद को भी टक्कर मार कर घायल कर दिया। ग्रामीणों की सहायता से तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों के परिजनों का कहना है कि बाइक चालक हेलमेट लगाए थे। प्रभारी निरीक्षक महराजगंज तराई गिरजेश तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है, कार्रवाई की जा रही है।