महराजगंज तराई (बलरामपुर)। राम स्वरुपपुरवा गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन परिवारों की गृहस्थी जलकर खाक हो गई है। आग में तीन मवेशी झुलस कर मर गए है। 40 हजार नकदी व 35 हजार रुपये के जेवर भी आग की भेंट चढ़ गए है। एक घर में बेटे की शादी का सारा सामान भी जलकर खाक हो गया है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
थाना महराजगंज तराई के रामस्वरुपपुरवा निवासी तालुक ने बताया कि गुरुवार को अज्ञात कारणों से उसके घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने मुंशीलाल व लखपत के घरों का भी अपने आगोश में ले लिया। तालुक ने बताया कि 22 अप्रैल को उनके लड़के अमिरका की शादी होनी है जिसका सारा सामान घर में रखा हुआ था। आग में 33 हजार नकदी सहित जेवर, कपड़ा व अनाज जलकर राख हो गया है।
एक भैंस व गाय भी झुलस कर मर गई। मुन्नीलाल ने बताया कि सात हजार नकदी व 35 हजार के जेवर, कपड़े व अनाज जल गए है। लखपत के घर गृहस्थी का सामान सहित एक गाय की भी झुलस कर मौत हो गई है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
हल्का लेखपाल राजीव यादव ने बताया कि क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। शीघ्र ही पीड़ितों को मदद मुहैया कराई जाएगी। वहीं तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने रमईडीह मुडिला निवासी श्यामलाल व लल्लू के घर गुरुवार को पहुंचकर उन्हें मदद मुहैया कराई। बीते दिनों अग्निकांड में श्यामलाल व लल्लू के घर जल गए थे।