सादुल्लाहनगर/हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। सादुल्लाहनगर क्षेत्र के बनकटवा खास गांव निवासी एक ग्रामीण के घर में मंगलवार की रात आग लग गई। इस दौरान आग ने उसके पड़ोसी के घर को भी चपेट में ले लिया। आग से बेटियों के विवाह के लिए घर में रखी नकदी व जेवर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं हरैया के सिकंदर बोझी गांव में भी एक घर में आग लगने से नकदी व सामान जल गया। उधर बनकटवा रेंज के नंदनगर गांव के पास जंगल में मंगलवार को भीषण आग लग गई। जो धीरे धीरे दो किमी क्षेत्र में फैल गई। सूचना पर वन, पुलिस व फायर विभाग के कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए।
सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र के पिपरा ग्रिंट के मजरा बनकटवा खास निवासी जलील के घर में मंगलवार की रात में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से घर में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद व दो लाख रुपये के जेवर व अन्य सामान जल गया। इस दौरान घर में बंधी नौ बकरियों की भी जलकर मौत हो गई। तीन बकरियां झुलस गई है। वहीं आग से पड़ोसी असगर अली के घर में रखे 20 हजार रुपये व 50 हजार के जेवर जल गए। जलील ने बताया कि उसकी दो बेटियों की शादी तय है। इसके लिए घर में नकदी व जेवर रखे थे।
अब बेटियों की शादी कैसे होगी इसकी चिंता सताने लगी है। राजस्व निरीक्षक राज बहादुर ने बताया कि दोनों परिवारों की करीब सात लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। उधर हरैया थाना क्षेत्र के सिकंदर बोझी गांव में सोनपती के घर में आग लग गई। इससे 11 हजार रुपये नकद व सारा सामान जलकर खाक हो गया है। हरैया थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से अन्य घरों को जलने से बचा लिया। हल्का लेखपाल आशीष शुक्ल ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट भेजी है।
वहीं बनकटवा रेंज के नंदनगर गांव के पास जंगल में भीषण आग लग गई है। दो किलोमीटर तक जंगल के अंदर आग फैल गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन, पुलिस व फायर विभाग की टीमें आग बुझाने में जुट गई। सदर एसडीएम अरुण कुमार गौड़, सीओ ललिया प्रेम कुमार थापा, प्रभारी निरीक्षक हरैया थाना उपेंद्र कुमार यादव व रेंजर बनरहवा राकेश कुमार सिंह पूरी टीम के साथ आग बुझाने में जुटे है। रेंजर ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। जंगल के आसपास कुछ किसानों ने पुआल जलाया था, जिसके कारण आग फैली है। उधर ग्रामीणों का आरोप है कि दो दिन पहले ही जंगल में आग लगी लेकिन वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी ध्यान नहीं दे रहे है।