बलरामपुर। कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के कारण जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हो रही है। सोमवार को आई रिपोर्ट में जहां चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं वहीं 14 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इन लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि कोरोना के प्रति लोगों की जागरुकता एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के कारण कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या में तेजी से कमी आई है।
सोमवार को बलरामपुर के एसएसबी कैंप तथा उतरौला के पेहर बाजार व पटेलनगर में एक-एक व्यक्तियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
जिले में कोरोना पॉजिटिव कुल केस की संख्या 7439 हो गई है। 7246 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके है। 134 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 59 है।